Sunday, 22 November 2026

भारत विरोधी एजेंडाधारी अमेरिकी आयोग को उचित जवाब



अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग जैसी स्वयंभू एवं स्वनामधन्य संस्थाओं का व्यवहार सर्वविदित है, इस आयोग ने एक बार फिर भारत के प्रति अपने पक्षपाती और दुर्भावनापूर्ण रवैये का प्रदर्शन किया है। इस बार उसने भारत के कुछ विपक्षी दलों के इस दुष्प्रचार को हवा दी है कि मतदाता सूचियों के संशोधन यानी एसआईआर के तहत मुसलमानों को मतदाता सूची से बाहर करने के साथ-साथ उन्हें विदेशी करार देकर देश से निकाला जा रहा है। तथ्यों की अनदेखी किए बोले जा रहे इस निराधार झूठ के बारे में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सही ही कहा है कि यूएससीआईआरएफ न केवल पक्षपाती है, बल्कि इसका एजेंडा पूरी तरह राजनीतिक उद्देश्यों से प्रेरित है और ऐसे संगठन को गंभीरता से लेने की कोई आवश्यकता नहीं है।

जिहादी एजेंडे का पर्दाफाश जरूरी
सही यह होगा कि भारत केवल इतना कहने तक ही सीमित न रहे, बल्कि इस तथाकथित निष्पक्ष आयोग की शरारतपूर्ण हरकतों का पर्दाफाश भी करे। ऐसा इसलिए किया जाना चाहिए, क्योंकि जब से पाकिस्तानी मूल के आसिफ महमूद इस आयोग के प्रमुख बने हैं, तब से वे भारत के प्रति अपनी नफरत और दुर्भावना का प्रदर्शन कुछ अधिक ही कर रहे हैं। कभी वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और खुफिया एजेंसी 'रॉ' पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश करते हैं और कभी पूर्वोत्तर को भारत से अलग करने की बात कहने वाले शरजील इमाम का पक्ष लेते हुए कहते हैं कि उसे धार्मिक स्वतंत्रता की वकालत करने के कारण हिरासत में रखा गया है। आखिर यह बेशर्मी की हद नहीं तो और क्या है?

आरोपों को झुठलाती रिपोर्ट
पक्षपाती अमेरिकी आयोग की नजर में धार्मिक स्वतंत्रता के मामले में भारत विशेष चिंता वाला देश है, जबकि प्यू रिसर्च के ताजा सर्वेक्षण के अनुसार यहां मुस्लिम आबादी सबसे तेजी से बढ़ रही है। तथ्य यह भी है कि मोदी सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने वालों में मुसलमानों की भी बड़ी संख्या है। क्योंकि अमेरिकी आयोग भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है, इसलिए भारतीय विदेश मंत्रालय को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यह बात उठाने से हिचकिचाना नहीं चाहिए कि इस आयोग में एक तो कोई भी हिंदू या बौद्ध सदस्य नहीं है और दूसरा, इसमें ऐसे लोगों की बहुतायत है, जो लॉबिंग करने के लिए जाने जाते हैं। इनमें से कुछ तो अपने कट्टर धार्मिक विचारों के कारण भी चर्चा में रहते हैं।

आरोपों के आकलन पर निर्भर आयोग
भारत को यह बात भी बार-बार दोहरानी चाहिए कि यह आयोग निष्पक्ष तथ्यों के बजाय संदिग्ध स्रोतों के आधार पर अपना आकलन करता है। यह सही है कि इस आयोग की सिफारिशें अमेरिकी सरकार के लिए बाध्यकारी नहीं होतीं, लेकिन इस बात को भी अनदेखा नहीं किया जा सकता कि समग्र रूप से ये सिफारिशें अमेरिकी विदेश नीति के एजेंडे को ही आगे बढ़ाने का काम करती हैं। इसका सबूत यह है कि यह आयोग अमेरिका में धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति के बारे में कोई रिपोर्ट जारी नहीं करता, जहां कभी अश्वेत लोगों को निशाना बनाया जाता है और कभी भारतीयों को। इसे उक्त आयोग का भारत विरोधी एजेंडा मात्र न कहा जाए तो और क्या कहें ?

राकेश सैन 

भारत विरोधी एजेंडाधारी अमेरिकी आयोग को उचित जवाब

अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग जैसी स्वयंभू एवं स्वनामधन्य संस्थाओं का व्यवहार सर्वविदित है, इस आयोग ने एक बार फिर भारत के ...