स्वर्गीय गायक मुकेश का गीत - ‘ये ना होता तो कोई दूसरा गम होना था, मैं तो वो हूं जिसे हर हाल में बस रोना था’ देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की वर्तमान परिस्थितियों पर बिल्कुल स्टीक बैठता दिख रहा है। लगभग सवा-डेढ़ दशकों से चली आ रही अपनी पराजयों का ठीकरा कभी इलेक्ट्रिोनिक्स वोटिंग मशीन पर तो कभी चुनाव आयोग पर या मतदाता सूची पर फोडऩे वाली कांग्रेस पार्टी ने हाल ही चार राज्यों की 28 विधान परिषद् सीटों पर अपनी कमरतोड़ हार के लिए चुनावों की लूट को जिम्मेवार ठहराया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों पर पूरी तरह बैलेट पेपर से हुए चुनावों के परिणाम किसी भी गंभीर राजनैतिक विश्लेषक के लिए आंखें खोलने वाले हैं। जब चुनावी खेल पूरी तरह से कांग्रेस की मनपसंद मतपत्र प्रणाली से खेला गया, जहां न तो कोई कथित माइक्रोचिप थी, न कोई कांग्रेस का कपोलकल्पित सॉफ्टवेयर, न कोई वामपंथियों द्वारा कुप्रचारित कथित प्रोग्रामिंग थी और न ही तकनीक का कोई अदृश्य हस्तक्षेप, तब भी कांग्रेस को लगा करारा झटका यह अकाट्य रूप से साबित करता है कि समस्या मशीनों की तकनीक में नहीं, बल्कि खुद पार्टी में है।
चुनाव परिणाम
23 अक्टूबर को देश के चार बड़े और राजनैतिक रूप से बेहद संवेदनशील राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों पर मतपत्रों के जरिए वोट डाले गए। 27-28 अक्टूबर को जब मतपेटियां खुलीं, तो चुनावों की बिल्कुल नई और अप्रत्याशित तस्वीर सामने आई। यह चुनाव विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का था। इन चारों राज्यों का संपूर्ण चुनावी परिदृश्य कांग्रेस के दावों की जमीनी हकीकत को बयां करता है। कर्नाटक कांग्रेस में तो ये चुनाव परिणाम पार्टी पर वज्रपात की तरह गिरे। इस राज्य में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत वाली सिद्धारमैया सरकार होने के बावजूद भाजपा-जेडीएस गठबंधन ने बाजी मारी। बेंगलुरु टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा-जेडीएस के एपी रंगनाथ ने वर्तमान एमएलसी पुट्टन्ना को करारी शिकस्त दी, वहीं वेस्ट ग्रेजुएट्स सीट पर भाजपा के एस.वी. संकनूर ने लगातार तीसरी बार कांग्रेस के मोहन लिम्बिकाई को 9,323 मतों से पराजित किया। बिहार में दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रशांत किशोर की नवगठित जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार सुरेश राय ने कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व बिहार प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को करारी शिकस्त दी। उत्तर प्रदेश में वजूद का संकट उभर आया। यहाँ की 11 सीटों पर मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के बीच ही सिमट कर रह गया। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी और विशेषकर कांग्रेस के लिए राहत की बात केवल यह रही कि नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी अभिजीत वंजारी ने भाजपा के सुधाकर कोहले को पराजित किया। कुल मिला कर कांग्रेस ने 28 सीटों में केवल एक सीट पर अपनी पुरानी छवि को बरकरार रखा है पर चारों राज्यों के समग्र प्रदर्शन को देखा जाए, तो कांग्रेस अपने सहयोगियों की तुलना में बेहद कमजोर और ढीली जमीन पर खड़ी दिखाई देती है।
देश की जनता ने दिखाया दर्पण
हाल ही में कांग्रेस ने देश में एक ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की है कि जैसे कि देश की जनता तो उन्हें जिताना चाहती है, लेकिन सरकारी मशीनरी ईवीएम में गुप्त हेरफेर करके उनके वोट चुरा लेती है। हालिया हरियाणा विधानसभा चुनाव हो या देश के अन्य बड़े चुनाव, कांग्रेस ने हमेशा इसी चमड़ी बचाऊ कार्ड का प्रयोग करके अपनी कमजोरियों पर पर्दा डाला लेकिन इन बैलेट पेपर वाले परिणामों ने कांग्रेस को तार्किक रूप से बिल्कुल निरुत्तर कर दिया है।
चुनाव परिणामों का अर्थ समझें
कांग्रेस के साथ-साथ देश के राजनीतिक विश्लेषकों व बुद्धिजीवियों को इन एमएलसी चुनावों का अर्थ समझना होगा। यह चुनाव न तो कथित सांप्रदायिकता के आधार पर लड़े गए, जैसा कि विपक्ष अपनी हर पराजय के बाद भाजपा पर तोमहत लगाता आया है और न ही मुफ्त की घोषणाओं या जातिगत आधार पर। यह पढ़े लिखे लोगों का चुनाव था। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान का विधिक अधिकार केवल उसी नागरिक को होता है जिसके पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय की न्यूनतम स्नातक की डिग्री हो। इसी प्रकार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में केवल वे ही वोटर होते हैं जो माध्यमिक या उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्यापन कार्य से जुड़े हैं। यह वर्ग अखबारों की सुर्खियों से लेकर सोशल मीडिया के प्रोपेगेंडा और सरकारों की नीतियों का बहुत बारीक और तार्किक विश्लेषण करके मतदान करता है। इसने साबित कर दिया है कि शिक्षित युवा और प्रबुद्ध समाज अब केवल इस बात पर आंख मूंदकर वोट नहीं देता कि संविधान खतरे में है या देश की सभी लोकतांत्रिक संस्थाएं बेची जा रही हैं। वे एक रचनात्मक और व्यावहारिक प्रशासन व नेतृत्व चाहते हैं। जो उन्हें भाजपा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में दिखाई दे रहा है। कांग्रेस का पूरा ध्यान चौबीसों घंटे केवल केंद्र सरकार पर कीचड़ उछालने और व्यवस्था को कोसने में केंद्रित रहा, लेकिन जब बात युवाओं को रोजगार देने, शिक्षा व्यवस्था के बुनियादी ढांचे में सुधार करने और आर्थिक नीतियों का एक बेहतर स्थानीय मॉडल पेश करने की आती है तो कांग्रेस के पास कोई ठोस विकल्प नहीं होता। स्पष्ट संकेत है कि शिक्षित वर्ग ने इस राजनैतिक नकारात्मकता को सिरे से खारिज कर दिया है।
क्या है कांग्रेस का असली गम
हर चुनाव में कांग्रेस अपने गमों का कारण बाहर तलाशने का काम करती है, और यही उसके लगभग स्थाई हो चुके इस पराजय के गम का कारण है। दुर्भाग्य की बात है कि देश में लगभग छह दशक तक शासन करने वाली कांग्रेस यह विस्मृत कर चुकी है कि चुनाव केवल प्रेस कान्फ्रेंसों, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्टों और झूठे नैरेटिवों से नहीं जीते जाते। इसके लिए जमीन पर मोर्चा सम्भालना पड़ता है जिसके लिए जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं की आवश्यकता होती है। अपने कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क, बूथ स्तर तक की संगठनात्मक बनावट, जनता के मुद्दों व सुख-दुख से जुड़ाव, सिद्धांतों की राजनीति इत्यादि कुछ ऐसे तत्व हैं जो किसी दल को सफल बनाने में मदद करते हैं। लेकिन कांग्रेस अवलोकन करे कि वे इस लोकतांत्रिक व वैधानिक मार्गों से कितना इत्तेफाक रखती है? जब तक वह सत्य, संघर्ष और सैद्धांतिक मार्ग नहीं अपनाती तब तक यही गीत उसके लिए अभिशाप बन कर पीछा करता रहेगा कि ‘ये ना होता तो कोई दूसरा गम होना था, मैं तो वो हूं जिसे हर हाल में बस रोना था।’
- राकेश सैन
32, खण्डाला फार्म कालोनी
जालन्धर।
संपर्क : 77106-55605